लाइव सिटीज, छपरा: सारण जिले के मशरक इलाके से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
मशरक के पूरब टोला गांव में जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. लोगों को चक्कर आने लगा और आंखों के सामने धुंधलापन छाने लगा. इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ लोगों की हालत काफी गंभीर थी. इसी दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य को बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया.
इस घटना में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मृतकों की पहचान पूरब टोला गांव निवासी स्वर्गीय उमेश सिंह के 40 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार और पशुराम महतो के 45 वर्षीय पुत्र रघुवर महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पंकज कुमार की मौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक के मुख्य गेट पर ही हो गई थी. वहीं रघुवर महतो की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल छपरा में हुई.
घटना में पांच अन्य लोगों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल छपरा भेजा गया है. इनमें पूरब टोला गांव के बबन महतो, मिंटू महतो, मंटू कुमार और कुंदन महतो शामिल हैं. इसके अलावा किशुनपुरा गांव के दूधनाथ शर्मा को भी इलाज के लिए रेफर किया गया है. रेफर किए गए लोगों ने डॉक्टरों को बताया कि उन्होंने पेय पदार्थ का सेवन किया था. इसके बाद उनकी आंखों के सामने धुंधलापन आने लगा और घबराहट महसूस होने लगी
