लाइव सिटीज, पटना: बिहार में उमस भरी गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं. IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान तेजी से बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
14 से 16 मार्च के बीच उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
पिछले कई दिनों से बिहार के आसमान में बादलों की आवाजाही जरूर देखी जा रही है, लेकिन अब तक कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई है. बादलों की वजह से तेज धूप से थोड़ी राहत जरूर रही, लेकिन उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किए रखा.दिन का अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के करीब दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.14 मार्च से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में तेज हवा और बारिश के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है.
