लाइव सिटीज, पटना: राजद के वरिष्ठ प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. बांकीपुर उपचुनाव से ठीक पहले यह इस्तीफा आरजेडी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. उन्होंने राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को पार्टी कार्यालय में इस्तीफा सौंपा.
मृत्युंजय तिवारी ने इस्तीफे की वजह बताते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें उचित सम्मान और महत्व नहीं दिया जा रहा था. लंबे समय से अपनी भूमिका को लेकर असंतुष्ट चल रहे तिवारी ने आखिरकार यह कदम उठा लिया. उन्होंने कहा कि वे जनता के सेवक हैं और अंतिम सांस तक जनसेवा करते रहेंगे.
पिछले कई महीनों से पार्टी के अंदर लगातार अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा था. मैंने इस बात की शिकायत कई वरिष्ठ नेताओं और खुद तेजस्वी यादव से भी की, लेकिन किसी ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया. अब राजद में निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए कोई सम्मान और जगह नहीं बची है. रोज-रोज घुटकर जीने और अपमानित होकर राजनीति करने से बेहतर मैंने पार्टी से अपना रास्ता अलग करना समझा
