लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज (रविवार) दोपहर 1 बजे जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे. इसे लेकर जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है. जेडीयू ऑफिस के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई है. इसके साथ ही ऑफिस के बाहर निशांत कुमार के पोस्टरों की भरमार लग गई है.
जेडीयू ऑफिस के बाहर देखा गया कि कार्यकर्ता गुलाब का गुलदस्ता लेकर निशांत कुमार के स्वागत के लिए तैयार हैं. इतना ही नहीं, हाथी, घोड़े और ऊंट भी लाए गए हैं. पूरे जोश के साथ कार्यकर्ता सीएम नीतीश कुमार और निशांत कुमार के लिए जमकर नारेबाजी करते दिखे. इस तरह से निशांत कुमार के जेडीयू ज्वाइन करने की खुशी कार्यकर्ताओं के बीच साफ देखी गई.
इसके साथ ही जेडीयू ऑफिस के बाहर ढोल-नगाड़े भी बजाए जा रहे हैं. इस दौरान जेडीयू एमएलसी संजय गांधी ने कहा, यह खुशी का माहौल है. काफी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे कि निशांत कुमार जेडीयू ज्वाइन करें, जो अब जाकर खत्म होने वाला है. निशांत कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि वे सरल, सीधे और धैर्य के साथ काम करने वाले इंसान हैं. उनमें सारे गुण व्याप्त हैं. निशांत अपने पिता नीतीश कुमार की छवि हैं.
