लाइव सिटीज, पटना: पेट्रोलियम कंपनियों ने एक बार फिर रसोई गैस की कीमतों में इजाफा कर दिया है। घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ा दिए गए हैं। नई दरें 7 मार्च 2026 से लागू कर दी गई हैं। इससे पहले भी 1 मार्च को सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि की गई थी।
19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत पहले 1 मार्च को 31 रुपये बढ़ाई गई थी, जिसके बाद इसकी कीमत 1925 रुपये हो गई थी। अब 7 मार्च को इसमें 114.50 रुपये और जोड़ दिए गए हैं। इस बढ़ोतरी के बाद कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 2039.50 रुपये हो गई है।
14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत पहले 6 अप्रैल 2025 से 910.50 रुपये तय की गई थी और उसके बाद इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ था। अब 7 मार्च 2026 से इसके दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई कीमत के अनुसार अब उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर के लिए 970.50 रुपये चुकाने होंगे।
पेट्रोलियम कंपनियों के मुताबिक 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर की कीमत 8 अप्रैल 2025 को बढ़ाकर 339.50 रुपये कर दी गई थी। अब इसमें भी बढ़ोतरी की गई है। 7 मार्च 2026 से इसकी कीमत 361.50 रुपये हो गई है।
10 किलोग्राम गैस सिलेंडर की कीमत पहले 8 अप्रैल 2025 को बढ़ाकर 658.50 रुपये की गई थी। अब 7 मार्च 2026 से इसमें भी वृद्धि कर दी गई है। नई कीमत के अनुसार इस सिलेंडर के लिए ग्राहकों को 700.50 रुपये देने होंगे।
