लाइव सिटीज , पटना: बिहार में जारी सियासी उठापटक के बीच नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे। करीब 10 मिनट तक उन्होंने आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि विदाई प्रोटोकॉल के तहत नीतीश कुमार उनसे मिलने पहुंचे थे।
इधर, उपेंद्र कुशवाहा ने CM हाउस में नीतीश कुमार से मुलाकात की है। इस दौरान उनसे साथ संजय झा भी मौजूद थे।
इधर, पॉलिटिकल पारी शुरू करने से पहले नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार एक्टिव हो गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर लगभग 24 विधायकों के साथ बैठक की।
इस बैठक में संजय झा के अलावा परिवहन मंत्री श्रवण कुमार और कई वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ कई युवा विधायक भी शामिल हुए।
इधर शुक्रवार को CM हाउस में मुख्यमंत्री की JDU विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक हुई। बताया जा रहा है कि बैठक में मौजूद कई विधायकों ने मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने के फैसले का विरोध किया। इस पर CM ने कहा- विरोध मत करिए मैं राज्यसभा जा रहा हूं। मैं वहां से सब देखता रहूंगा।
बैठक में मौजूद विधायक विनय चौधरी ने बताया कि ‘मीटिंग के दौरान नीतीश भावुक हो गए। विधायक उन्हें देखकर रोने लगे। सभी एक स्वर में उनसे फैसला वापस लेने को कहने लगे।
मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा, अब छोड़ दीजिए। मुझे जाने दीजिए। नीतीश राज्यसभा जाने पर ही अड़े रहे। इसके बाद निशांत को राजनीति में लाने के पर सभी विधायकों ने हाथ उठाकर अपनी सहमति जताई।’ मीटिंग के नेताओं ने कहा कि 8 मार्च को निशांत कुमार JDU जॉइन करेंगे।
