लाइव सिटीज, पटना: बिहार में 5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन समेत बिहार से दो नामों का ऐलान हुआ है. बीजेपी की ओर से जारी सूची में नितिन नबीन के अलावे शिवेश कुमार राम का भी नाम शामिल है.
भारतीय जनता पार्टी ने 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार समेत कई राज्यों के उम्मीदवारों की सूची जारी की है. इनमें बिहार से नितिन नबीन और शिवेश कुमार के नाम शामिल हैं. इसके अलावे असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के भी प्रत्याशियों की घोषणा की गई है.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन फिलहाल पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. 2025 के बिहार चुनाव के बाद जब एनडीए की सरकार बनी थी, तब उनको मंत्री भी बनाया गया था लेकिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
बिहार में 5 सीटों पर राज्यसभा का चुनाव होना है, जिसके लिए 5 मार्च तक नामांकन होगा. 5 में से 4 सीटों पर एनडीए की जीत तय है, जबकि पांचवीं सीट के लिए दोनों गठबंधन में से किसी के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है. एआईएमआईएम के 5 और बहुजन समाज पार्टी के एक विधायक के समर्थन से ही 5वीं सीट पर जीत मुमकिन है.
