HomeBiharभारत-पाकिस्तान के बीच तनाव, नीतीश कुमार ने की हाई लेवल बैठक, छुट्टियां...

भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव, नीतीश कुमार ने की हाई लेवल बैठक, छुट्टियां रद्द

लाइव सिटीज, पटना: पाकिस्तान से तनाव के बीच बिहार में भी सर्तकता बरती जा रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में हाई लेवल बैठक की. बिहार सरकार ने मौजूदा हालात को देखते हुए सभी सरकारी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं. साथ ही, सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश दिए है.

बैठक में मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा और डीजीपी विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया. इस बीच सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मियों एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गयी हैं. स्वास्थ्य विभाग एवं कानून व्यवस्था से जुड़े सभी कर्मियों को पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है.

बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ”राज्य के सभी सीमावर्ती जिलों में पूरी तरह चौकसी रखें. आवागमन पर कड़ी निगरानी रखी जाय. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति और वस्तुओं पर कड़ी नजर रखें. सीमावर्ती जिलों के सभी महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी जाय और लगातार सघन गश्ती की व्यवस्था सुनिश्चित करें.”

नीतीश कुमार ने कहा कि, ”सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर पूरी सर्तकता बरतें.” मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया और अन्य हैंडल के माध्यम से फर्जी खबरों एवं अफवाहों को पूरी सख्ती से रोकने के निर्देश दिये हैं.

साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है और सरकार इस मामले में पूरी तरह सजग एवं सर्तक है. उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध पूरा देश एकजुट है. भारतीय सेना के साहस और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व पर हम सभी को अटूट विश्वास एवं गर्व है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home