HomeBiharपटना सब-वे का निरीक्षण करने पहुंचे सीएम नीतीश, जानें क्या कहा

पटना सब-वे का निरीक्षण करने पहुंचे सीएम नीतीश, जानें क्या कहा

लाइव सिटीज, पटना: नीतीश कुमार ने पटना जंक्शन के समीप निर्माणाधीन भूमिगत मार्ग (सब-वे) एवं मल्टीलेवल हब का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने भूमिगत मार्ग (सब-वे) में लगने वाले एस्केलेटर, लिफ्ट, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित यात्रियों को उपलब्ध करायी जाने वाली अन्य सुविधाओं तथा निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेने के बाद कहा कि ऐसे नहीं चलेगा. काम में तेजी लानी होगी और समय सीमा के अंदर पूरा काम करना होगा.

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि इस भूमिगत मार्ग (सब-वे) का निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद लोगों को पटना जंक्शन पहुंचने में काफी सहूलियत होगी. भूमिगत मार्ग (सब-वे) में हर प्रकार की सुविधायें उपलब्ध करायी जा रही है, जिनके जरिये पटना जंक्शन के आसपास के इलाके में लोग आसानी से आवागमन कर सकेंगे, उन्हें भीड़भाड़ से छुटकारा मिलेगा.

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने मल्टीलेवल हब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मल्टीलेवल हब के निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने भूमिगत मार्ग (सब-वे) एवं मल्टीलेवल हब का जी०पी०ओ० गोलम्बर फ्लाईओवर एवं हनुमान मंदिर फ्लाईओवर से भी निरीक्षण किया.

पटना शहर स्थित स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत जी०पी०ओ० गोलम्बर के नजदीक मल्टीलेवल हब को पटना जंक्शन से जोड़ने हेतु भूमिगत मार्ग (सब-वे) का निर्माण कराया जा रहा है. इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन परिक्षेत्र अन्तर्गत यातायात व्यवस्था को विकसित किया जाना है. पटना जी०पी०ओ० गोलम्बर के समीप नवनिर्मित मल्टीलेवल हब का निर्माण किया जा रहा है जो यातायात के विभिन्न स्त्रोतों को जोड़ने वाला एक प्रमुख केन्द्र होगा.

इस मल्टीलेवल हब में सिटी बस, ऑटो, टैक्सी एवं निजी कार पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है. यहाँ से पटना रेलवे स्टेशन तथा महावीर मंदिर, बुद्ध स्मृति पार्क को जोड़ने हेतु भूमिगत मार्ग (सब-वे) का निर्माण किया जा रहा है. इस स्थान पर काफी भीड़भाड़ रहती है. राहगीरों को सड़क पार करना एक बड़ी चुनौती बनी रहती है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home