HomeBiharबिहार में पहली बार वीमेंस एशियन ट्रॉफी का आयोजन, CM नीतीश ने...

बिहार में पहली बार वीमेंस एशियन ट्रॉफी का आयोजन, CM नीतीश ने ‘लोगो’ का किया अनावरण

लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में पहली बार होने वाली वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2024 के ‘लोगो’ डिजाइन और ‘शुभंकर’ का अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष 30 सेकेंड का वीमेंस एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी-2024 पर आधारित एक जिंगल्स प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सेलेमा टेटे और उप कप्तान नवनीत कौर ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण ने मुख्यमंत्री को बताया कि वीमेंस एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी बिहार कर रहा है। इसका आयोजन 11 से 20 नवम्बर के बीच राजगीर के खेल स्टेडियम में किया जाएगा। इसमें छह देशों भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी की टीमें भाग लेंगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहर से आनेवाले लोगों के लिए बेहतर ढंग से सारा इंतजाम कराएं। सुविधा में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सभी अतिथियों की मेहमाननवाजी अच्छे ढंग से करें, जिससे वे बिहार के बारे में अच्छा अनुभव लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन सफल हो इसके लिए हरसंभव प्रयास और सहयोग राज्य सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि वीमेंस एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी-2024 का आयोजन राजगीर में किया जा रहा है। राजगीर में भव्य खेल स्टेडियम बनाया गया है। मैं भारतीय महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं और अन्य देशों से आनेवाली खिलाड़ियों का स्वागत करता हूं।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय महिला हॉकी टीम की उप कप्तान नवनीत कौर ने यह प्रतियोगिता राजगीर में आयोजित कराने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वो दुनिया के कई स्टेडियम में खेल चुकी हैं लेकिन आधुनिक और पुरातन शैली के समन्वय के साथ जितना खूबसूरत और शानदार हॉकी स्टेडियम राजगीर का बना है वो अद्‌भूत है और ऐसा कहीं नहीं देखी। नवनीत कौर ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आपने राजगीर में बहुत बड़ा और भव्य खेल स्टेडियम बनाया है। अपने देश में भी और दूसरे देशों में भी हम लोग खेलने जाते हैं लेकिन इतना बढ़िया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कहीं नहीं देखा है। मुझे बिहार आकर अच्छा लगा है। हम सबको खुशी हो रही है कि आपके नेतृत्व में बिहार में खेल हित के लिए इतना बेहतर कार्य किया जा रहा है। हमें बिहार और देश पर गर्व है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments