HomeBiharपटना गांधी मैदान में रावण वध को लेकर तैयारी शुरू, 53 कैमरों...

पटना गांधी मैदान में रावण वध को लेकर तैयारी शुरू, 53 कैमरों से होगी निगरानी

लाइव सिटीज, पटना: रावण वध कार्यक्रम को लेकर गांधी मैदान की व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है. इसके तहत 136 एलइडी मेटल लाइट, 112 पोल लाइट व 15 हाइमास्ट लाइट गांधी मैदान व उसके चारों ओर लगाये जा रहे हैं. इसके अलावा गांधी मैदान में लगे 53 सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जायेगी. साथ ही गांधी मैदान के सभी गेटों से लेकर अंदर के एक-एक भाग में पुलिस बल की तैनाती की जायेगी.

शनिवार को रावण वध के आयोजन को लेकर हो रही तैयारियों की समीक्षा करने के लिए पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि, रेंज आइजी राकेश राठी, जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह व एसएसपी डॉ मानवजीत सिंह ढिल्लो गांधी, नगर आयुक्त अनिमेष पराशर व अन्य अधिकारी गांधी मैदान पहुंचे. आयुक्त व अन्य अधिकारियों ने संपूर्ण गांधी मैदान का निरीक्षण किया और सभी निकास द्वार, वाच टावर और अन्य संरचनाओं का जायजा लिया.

रावण वध कार्यक्रम के दौरान गांधी मैदान के सारे द्वार को खोल कर रखा जायेगा, ताकि लोगों को आने व जाने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. साथ ही गांधी मैदान के अंदर अस्थायी नियंत्रण कक्ष भी बनाया जायेगा. इसके अलावा आठ वाच टावर बनाये गये हैं, जिससे निगरानी की जायेगी. गांधी मैदान में सात एंबुलेंस सभी आवश्यक दवाओं व मेडिकल टीम के साथ तैनात रहेंगे.

वहीं, रावण वध कार्यक्रम को लेकर तीन व चार अक्तूबर को गांधी मैदान आम लोगों के लिए बंद रहेगा. गांधी मैदान पांच अक्तूबर एक बजे खोला जायेगा. कार्यक्रम की समाप्ति के बाद गांधी मैदान पूर्व की तरह आम लोगों के खुला रहेगा. इससे संबंधित आदेश जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को जारी कर दिया है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home