HomeBiharचौटाला की महारैली: नीतीश, तेजस्वी समेत जुटेंगे 10 दलों के नेता, सुरक्षा...

चौटाला की महारैली: नीतीश, तेजस्वी समेत जुटेंगे 10 दलों के नेता, सुरक्षा में 3 राज्यों की पुलिस

लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: आगामी लोकसभा चुनावों से पूर्व विपक्षी एकता के लिए देश भर के नेताओं से मुलाकात कर रहे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज हरियाणा के फतेहाबाद में आयोजित इनेलो की रैली में भाग लेंगे. इस रैली में नीतीश कुमार के साथ बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी इस रैली में भाग ले रहे हैं. इस रैली के बाद दोनों नेता शाम छह बजे दस जनपथ पर सोनिया गांधी से भी मिलेंगे.

इससे पहले नीतीश कुमार, राहुल गांधी, केसीआर, शरद पंवार और ममता बनर्जी समेत कई अन्य नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं. आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी के विजय रथ को रोकने के लिए नीतीश कुमार इन सभी नेताओं से एक मंच पर आकर सामूहिक जोर लगाने का आग्रह कर रहे हैं.

इस महारैली में पूरे देश से विपक्षी दलों के दिग्गज शामिल होंगे. इनमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, महाराष्ट्र से एनसीपी प्रमुख शरद पवार, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला, तेलंगाना के सीएम चंद्रशेखर राव, मेघालय के राज्यपाल सतपाल मलिक, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, केसी त्यागी, राजस्थान से सांसद हनुमान बेनीवाल का नाम शामिल है. इनके अलावा समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी भी अपने प्रतिनिधि को भेजने की बात कह चुके हैं.

जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए दस दिन पहले भी नीतीश कुमार दिल्ली आए थे. उस समय उनकी इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला से मुलाकात हुई थी. इस मुलाकात के दौरान चौटाला ने 25 सितंबर को फतेहाबाद में आयोजित हो रही रैली में आने का न्यौता दिया था. यह रैली चौधरी देवीलाल की जयंती के अवसर पर आयोजित हो रही है. इस रैली के जरिए ओमप्रकाश चौटाला एक तरफ जहां हरियाणा में अपना खोया जनाधार तलाशने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं इस रैली में सभी विपक्षी नेताओं को जुटाकर बीजेपी के खिलाफ माहौल भी बनाना चाहते हैं. उधर, बीजेपी से गठबंधन तोड़ कर नीतीश कुमार भी देश भर में विपक्षी दलों का एक साझा गठबंधन बनाने का प्रयास कर रहे हैं.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home