बेंगलुरु में बिहार की संस्कृति और विरासत का रंग देखने को मिल रहा है. गुरुवार को चार दिवसीय ‘बिहार महोत्सव 2026’ की शुरुआत हुई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने द आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में श्रीश्री रविशंकर की मौजूदगी में महोत्सव का शुभारंभ किया. यह आयोजन 6 सितंबर तक चलेगा.महोत्सव में बिहार की लोक परंपरा, खान-पान, हस्तशिल्प और आधुनिक उद्यमिता को एक ही मंच पर पेश किया जा रहा है. आयोजकों को उम्मीद है कि इसमें एक लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे.
महोत्सव की शुरुआत बिहार गौरव गान की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई. इसके बाद बिहार की प्रसिद्ध लोक नृत्य परंपरा झिझिया ने दर्शकों का ध्यान खींचा. कलाकारों ने सिर पर दीप रखकर शानदार प्रस्तुति दी.कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे.
