HomeLok Sabha Election 2024शोपियां में बिहार के तीन मजदूरों को गोली मारी, आतंकियों की तलाश...

शोपियां में बिहार के तीन मजदूरों को गोली मारी, आतंकियों की तलाश में सुरक्षा बलों ने की घेराबंदी

लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: इस साल घाटी में जम्मू-कश्मीर के बाहर के मजदूरों पर पहले हमले में संदिग्ध आतंकवादियों ने गुरुवार शाम दक्षिण कश्मीर के शोपियां में तीन मजदूरों को गोली मारकर घायल कर दिया। तीनों बिहार से आकर कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूर के रूप में काम कर रहे थे। गंभीर रुप से घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है।

जम्मू कश्मीर पुलिस ने घायलों की पहचान बिहार के सुपौल निवासी अनमोल कुमार, पिंटू कुमार और हीरालाल यादव के रूप में की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमला शोपियां के गगरान गांव में हुआ। उन्होंने कहा कि इसमें दो आतंकवादियों के शामिल होने का संदेह है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ट्वीट किया, ”शोपियां में आतंकवादियों ने तीन बाहरी मजदूरों पर गोलीबारी की। घायलों में अनमोल कुमार, पिंटू कुमार ठाकुर और हीरालाल यादव सभी जिला सुपौल, बिहार के रहने वाले हैं। उन्हें अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। इलाके में घेराबंदी की जा रही है।”

जानकारी के मुताबिक, शुरुआती इलाज के बाद शोपियां के जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने घायलों को आगे के इलाज के लिए श्रीनगर रेफर कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि पीड़ितों की हालत स्थिर है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि 24 साल के पिंटू को पेट के दाहिने हिस्से में गोली लगी है और अनमोल को पेट और दाहिने हाथ में गोली लगी है। घायल तीसरे व्यक्ति हीरालाल को दाहिने पैर और दाहिने हाथ पर चोट लगी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments