लाइव सिटीज, पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 2026 में हुई मैट्रिक और इंटर परीक्षा के शैक्षणिक दस्तावेज DigiLocker पर उपलब्ध करा दिए हैं। अब विद्यार्थी अपनी मार्कशीट, प्रमाणपत्र और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज मोबाइल या कंप्यूटर से कभी भी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके लिए उन्हें स्कूल या बोर्ड कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। बिहार बोर्ड अध्यक्ष डा. त्यागराजन एसएम ने इसकी जानकारी दी है।बिहार बोर्ड ने बताया कि 2026 से पहले आयोजित परीक्षाओं के शैक्षणिक दस्तावेज भी जल्द DigiLocker पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इनमें विद्यार्थियों की मार्कशीट और प्रमाणपत्र शामिल होंगे। इससे पुराने बैच के विद्यार्थियों को भी डिजिटल दस्तावेज की सुविधा मिलेगी। संबंधित जानकारी बोर्ड की ओर से समय-समय पर साझा की जाएगी।DigiLocker से जारी शैक्षणिक दस्तावेज सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2000 के तहत मूल दस्तावेज के समकक्ष मान्य हैं। ऐसे में विद्यार्थी नामांकन, छात्रवृत्ति, नौकरी और दूसरी जरूरी प्रक्रियाओं में इन डिजिटल दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इससे कागजी दस्तावेज साथ रखने की जरूरत भी कम होगी। डिजिटल सत्यापन की प्रक्रिया भी आसान हो सकेगी।DigiLocker में दस्तावेज सीधे बिहार बोर्ड जैसे जारीकर्ता संस्थान से प्राप्त होंगे। इससे उनकी प्रामाणिकता जांचने में सुविधा होगी।मार्कशीट या प्रमाणपत्र खो जाने, फटने या खराब होने की स्थिति में डिजिटल प्रति उपलब्ध रहेगी। फर्जी दस्तावेज की पहचान और सत्यापन में भी यह व्यवस्था मददगार होगी।
