लाइव सिटीज बेगूसराय: केंद्रीय कपड़ा मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। मंत्री के नई दिल्ली स्थित मंत्रालय के कार्यालय के पते पर डाक के जरिए एक गुमनाम धमकी भरा पत्र भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
3 सितंबर को मंत्रालय के पते पर पहुंचा पत्र
पुलिस के मुताबिक, धमकी वाला पत्र 3 सितंबर को नई दिल्ली के नेताजी नगर स्थित डाकघर के माध्यम से गिरिराज सिंह के मंत्रालय के कार्यालय के पते पर पहुंचा था। पत्र सामने आने के बाद उनके निजी सचिव के माध्यम से इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई गई। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए बेगूसराय पुलिस को इसकी सूचना दी गई।गिरिराज सिंह की ओर से मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा गया, जिसके बाद बेगूसराय नगर थाने में केस दर्ज किया गया।
पत्र में दी गई जान से मारने की धमकी
रिपोर्टों के अनुसार, धमकी भरा पत्र अंग्रेजी में लिखा गया था। इसमें गिरिराज सिंह को जल्द ही आतंकियों द्वारा मारे जाने की धमकी दी गई थी। पत्र में धमकी के साथ दो मोबाइल नंबर भी लिखे गए थे।पुलिस अब इन मोबाइल नंबरों और पत्र में दर्ज अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।
कर्नाटक से जुड़ रहा पत्र का कनेक्शन
प्राथमिकी में पत्र के साथ जुड़े कुछ नाम-पते और मोबाइल नंबरों का उल्लेख किया गया है। इनमें कर्नाटक के कोलार जिले के श्रीनिवासपुर तालुका का पता सामने आया है। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि पत्र में दर्ज व्यक्ति और मोबाइल नंबर वास्तव में धमकी भेजने वाले से जुड़े हैं या किसी अन्य व्यक्ति की जानकारी का इस्तेमाल किया गया है।
पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच
बेगूसराय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पत्र कहां से भेजा गया, इसे किसने तैयार किया और पत्र में दिए गए मोबाइल नंबरों का इस मामले से क्या संबंध है।इसके अलावा धमकी के पीछे किसी व्यक्ति की निजी रंजिश, राजनीतिक कारण या कोई अन्य मकसद है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने धमकी देने वाले की पहचान की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को भी इसी तरह डाक के जरिए धमकी भरा पत्र मिलने की खबर सामने आई थी। ऐसे में लगातार सामने आ रहे इन मामलों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं।
