लाइव सिटीज, भोजपुर: भोजपुर में कांग्रेस पार्टी का जिला कार्यालय मंगलवार को अखाड़ा बन गया जब दो गुटों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट हो गई। घटना के दौरान पूर्व विधान पार्षद (एमएलसी) अजय सिंह और उपेंद्र मुखिया गुट आमने-सामने आ गए। इस झड़प में अजय सिंह के समर्थक सुनील कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक चल रही थी। इसी दौरान दोनों गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मारपीट में सुनील कुमार सिंह का सिर फट गया, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद पूर्व एमएलसी अजय सिंह अपने घायल समर्थक के साथ नवादा थाना पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। इस घटना ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह को एक बार फिर उजागर कर दिया है।