लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है. नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में विपक्ष ने हंगामा किया.बिहार विधानसभा परिसर में विपक्षी सदस्यों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि वो छात्रों पर हुई कथित पुलिसिया बर्बरता को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं. हाथों में पोस्टर लेकर नारे लगाते हुए विपक्षी विधायकों ने विधानसभा के मुख्य द्वार पर धरना दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग की है. यह प्रदर्शन राजनीतिक तनाव को बढ़ाता दिख रहा है.
बिहार विधानसभा में भाजपा विधायक श्याम बाबू यादव के बयान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस छिड़ गई. श्याम बाबू यादव ने कहा कि डाकबंगला पर उनकी गाड़ी पर सैकड़ों लोगों ने हमला किया था, जो छात्र नहीं बल्कि छात्रों के वेश में गुंडे थे. उनके इस बयान पर विपक्षी सदस्यों ने तीखा विरोध जताया और सदन में नारेबाजी शुरू कर दी. इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर नोंकझोंक हुई, जिससे सदन का माहौल गरम हो गया.
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि श्याम बाबू यादव ने अपनी बात रख दी है और सभी सदस्यों को बोलने का मौका दिया जाएगा. इसके बावजूद दोनों पक्षों के विधायक बेल तक पहुंच गए, जहां एक-दूसरे के सामने खड़े होकर देख लेने की धमकियां दी गईं. मार्शल ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली और हाथापाई होते-होते बची. हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
