HomeBiharपटना में पूर्व मुखिया संजय यादव की हत्या पर भारी बवाल, 5...

पटना में पूर्व मुखिया संजय यादव की हत्या पर भारी बवाल, 5 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

लाइव सिटीज, पटना: पूर्व मुखिया संजय यादव की अपराधियों ने हत्या कर उनके शव को बिहटा थानाक्षेत्र के राघोपुर गांव के बधार स्थित एक बोरिंग के पास फेंक दिया। मृतक बिहटा प्रखंड के राघोपुर पंचायत के मुखिया रह चुके थे। पूर्व मुखिया के शव पर ग्रामीणों की नजर तब पड़ी जब वे शुक्रवार तड़के अपने खेतों की ओर गए। बोरिंग के पास एक अधेड़ का शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

इस दौरान शव को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। उसी भीड़ में से किसी ने शव की पहचान राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया के रूप में की। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने आननफानन में पहले शव को कब्जे में ले लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जांच के क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को देने के साथ एफएसएल टीम को भी दे दी।

पूर्व मुखिया की हत्या की खबर जैसे ही राघोपुर पंचायत के लोगों को मिली, ग्रामीण सड़क पर आ गए और सरकार और पुलिस प्रशासन विरोधी नारेबाजी करने लगे। आक्रोशित लोगों का मन इतने से भी नहीं भरा तो ग्रामीण पटना-औरंगाबाद मुख्य सड़क पर आगजनी कर आवागमन को बाधित कर दिया। इसबीच पूर्व मुखिया के समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों और समर्थकों के आक्रोश का खामियाजा इस मार्ग से आने जाने वालों भुगतना पड़ा। सड़क के दोनों तरफ छोटी बड़ी गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। बवाल बढ़ता देख दानापुर डीएसपी ने बिहटा, मनेर, नेउरा और आईआईटी थाने से टीम को साथ लिया और मोर्चा संभाला।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments