लाइव सिटीज, पटना: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर लाखों रुपये की चोरी का मामला प्रकाश में आया है. घटना सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल काफी तेज हो गई है.
पटना के 42 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास से नकदी, सोने के जेवरात और कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है. मामले को लेकर तेज प्रताप यादव ने अपने ही करीबी सहयोगी मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसको लेकर नेता ने सचिवालय थाना में आवेदन दिया.
22 जून को तेज प्रताप यादव के आवास में रखी एक आलमारी से पार्टी फंड के लिए सुरक्षित रखे गए 20 लाख रुपये नकद गायब पाए गए. जब आवास में रखे सामान की जांच की गई तो नकदी के अलावा कई अन्य कीमती वस्तुओं के भी गायब होने की जानकारी मिली.
चोरी हुए सामान में करीब 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी और चार पेन ड्राइव गायब हैं. इसके साथ ही दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप तथा चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन शामिल हैं.
