HomeBiharसीतामढ़ी में जिला पार्षद पति की हत्या पर भड़के तेजस्वी, सम्राट सरकार...

सीतामढ़ी में जिला पार्षद पति की हत्या पर भड़के तेजस्वी, सम्राट सरकार पर साधा निशाना

लाइव सिटीज, सीतामढ़ी: सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य के पति की हत्या के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। डुमरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने जिला परिषद सदस्य दिलखुश देवी के पति बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है।

हत्या की घटना पर तेजस्वी ने सरकार को घेरा

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में जिस तरह से अपराध बढ़ रहा है, वह बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से बीजेपी की सरकार बनी है और सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं, तब से अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

तेजस्वी ने कहा कि ऐसा कोई दिन नहीं है, जब बिहार में अपराध की कोई घटना सामने नहीं आती हो। उन्होंने हत्या, बलात्कार, रंगदारी, अपहरण और पुलिसिया जुल्म जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों में बेतहाशा वृद्धि हुई है।

‘बिहार में लॉ एंड ऑर्डर नाम की चीज नहीं’

तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में अब लॉ एंड ऑर्डर नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। उनके मुताबिक, अपराधियों का बोलबाला है और उन्हें संरक्षण मिल रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध करने वालों के खिलाफ न तो पर्याप्त कार्रवाई हो रही है और न ही उन्हें सजा मिल रही है। तेजस्वी ने कहा कि निर्दोष लोगों और पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।

सम्राट चौधरी पर सीधे साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने सीतामढ़ी की घटना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधे जिम्मेदारी तय की। उन्होंने कहा कि बिहार में अगर कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए किसी को जिम्मेदार ठहराया जाना है तो वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं।तेजस्वी ने कहा कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ गृह मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पीड़ित परिवारों से मिलने तक नहीं जाते और सिर्फ बयानबाजी करते हैं।

पहले भी सुरक्षा को लेकर उठे थे सवाल

बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद सामने आई जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी उन्हें निशाना बनाया गया था। 28 अगस्त को उनके घर पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। इसके बावजूद सुरक्षा और कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठते रहे। शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान बदमाशों ने पथरिया श्मशान घाट के पास उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने सड़क जाम किया और पुलिस के खिलाफ भी नाराजगी जताई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा

सीतामढ़ी हत्याकांड पर सरकार को घेरने के साथ तेजस्वी यादव ने जहानाबाद में सामने आए एक स्वास्थ्य संबंधी मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था इतनी खराब हो गई है कि सरकारी अस्पताल में मरीज के पैर में प्लास्टर लगाने तक की व्यवस्था नहीं हो पा रही है।तेजस्वी ने कहा कि इस तरह की तस्वीरों से पूरे देश में बिहार की बदनामी हो रही है और सरकार को ऐसे मामलों पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments