लाइव सिटीज, पटना: बिहार में इन दिनों बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. लेकिन इस बीच जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने मौजूदा बिहार सरकार को लेकर भविष्यवाणी कर दी है, पटना में एनडीए की बैठक हुई थी. इसमें सीएम सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव, ललन सिंह, गिरिराज सिंह समेत एनडीए के कई नेता मौजूद रहे.
तेज प्रताप यादव ने एनडीए की इस बैठक के बाद ही सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट शेयर कर बिहार में सरकार गिरने की भविष्यवाणी की. तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार में बहुत जल्दी सरकार गिरने वाली है. ये मैंने आपको कहा था, भविष्यवाणी किया था. मैं वृंदावन में हूं. बहुत जल्दी बिहार में जो सरकार है, बदल जाएगी’.
तेज प्रताप यादव ने इस पोस्ट के जरिए यह दावा किया कि सम्राट चौधरी की नेतृत्व वाली सरकार में एनडीए के घटक दलों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. लेकिन एनडीए के किसी भी नेता की ओर से इस मुद्दे पर टिप्पणी सामने नहीं आई है. ऐसे में तेज प्रताप यादव की इस भविष्यवाणी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का दौर शुरू हो गया है.
