लाइव सिटीज, भागलपुर: भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में शनिवार को एक निजी बाइक कंपनी द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हो गया. मगही गायक रोशन रोई और भोजपुरी सिंगर डिंपल सिंह के शामिल होने की खबर से हजारों लोग जमा हो गए थे. भीड़ बेकाबू हो गई. कलाकारों पर जूते-चप्पल फेंके गए, कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. जिसके बाद कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा.
डिंपल सिंह के मंच पर पहुंचते ही दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया. लोग नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग पार कर मंच के करीब आने लगे. स्थिति बिगड़ता देख सुरक्षा में तैनात निजी बाउंसरों ने लाठियां चलानी शुरू कर दी, जिससे भीड़ में आक्रोश फैल गया.
आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा. इस दौरान वीआईपी मेहमानों के लिए लगाई गई कुर्सियां तोड़ दी गईं. हंगामे के बीच दोनों कलाकारों को मंच छोड़कर जाना पड़ा. कई लोगों को आंशिक चोटें आई है.
घटनास्थल पर करीब एक हजार से अधिक चप्पलें बिखरी हुई पाई गईं. कार्यक्रम में स्थानीय नेता भी मौजूद थे. पुलिस बल तैनात था, लेकिन भीड़ की संख्या और अव्यवस्था के कारण स्थिति संभालने में मशक्कत करनी पड़ी. सूचना मिलते ही सदर एसडीएम विकास कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. अतिरिक्त पुलिस बल और रिजर्व फोर्स बुलाया गया. करीब डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद स्थिति काबू में आई.
