लाइव सिटीज, पटना: सितंबर का तीसरा सप्ताह शुरू होते ही मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 18 सितंबर को बिहार समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं. देश के दूसरे हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.
बिहार में 18 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
- बिहार में 18 सितंबर को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. हालांकि पूरे राज्य में एक जैसी स्थिति रहने की उम्मीद नहीं है. कुछ इलाकों में बारिश का असर ज्यादा हो सकता है, जबकि कई जगहों पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है.
- बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. ऐसे में लोगों को खासकर खुले इलाकों में सावधानी बरतने की जरूरत है. स्थानीय स्तर पर मौसम में तेजी से बदलाव हो सकता है.
- आईएमडी के ताजा अपडेट के मुताबिक अगले कुछ दिनों में बंगाल की खाड़ी और आसपास के समुद्री क्षेत्र की गतिविधियां भी मौसम को प्रभावित कर सकती हैं.
इन जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी
- मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय में मौसम का असर दिखेगा.
- येलो अलर्ट वाले इलाकों में बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. यहां वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी भी जारी की गई है.
- पटना में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिनभर में बारिश या गरज-चमक के एक से दो दौर देखने को मिल सकते हैं. यहां अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
पटना में 19 सितंबर तक बारिश और बिजली चमकने का सिलसिला जारी रह सकता है. इसके बाद 20 सितंबर को बादल छाए रहेंगे, जबकि 21 से 23 सितंबर के दौरान फिर से छिटपुट बारिश हो सकती है.
