लाइव सिटीज, पटना: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में बीते तीन दिनों से गरज-चमक के साथ वर्षा की गतिविधियां बनी हुई है. पटना सहित सभी जिलों में रुक-रुक कर हो रही वर्षा के कारण लोगों को उमस से राहत मिली है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार (26 सितंबर) को राज्य के 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज हवा चलने और बिजली चमकने के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
जिन 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय शामिल हैं. पटना में दिनभर रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं, जबकि बाकी अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.
- मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में मौसम प्रणालियों के प्रभाव और वातावरण में नमी की वजह से बादल बन रहे हैं. इसी कारण से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी हैं. मौसम विभाग का कहना है कि 26 सितंबर को बिहार में भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 27 सितंबर से मौसम सामान्य होने की उम्मीद है. हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की फुल्की बौछारें पड़ती रहेंगी.
