लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. राज्य के 27 जिलों में 7 से 9 जून तक बारिश और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
राज्य में इन दिनों मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है. कुछ जिलों में बारिश लोगों को राहत दे रही है, जबकि कई इलाकों में गर्मी का सितम अब भी जारी है. पिछले 24 घंटों के दौरान रोहतास जिले के डेहरी में सबसे अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. बक्सर, कैमूर, छपरा और पटना समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा.
मौसम की मार जानलेवा भी साबित हो रही है. पिछले 24 घंटे में आकाशीय बिजली गिरने से जमुई, मुंगेर, बांका और बक्सर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार के सभी हिस्सों में मौसम एक जैसा नहीं है. उत्तर और पूर्वी बिहार में बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं पहुंच रही हैं. इससे बादल बन रहे हैं और बारिश हो रही है. वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में अभी भी गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव बना हुआ है. यही वजह है कि किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और दरभंगा जैसे इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि रोहतास, कैमूर और बक्सर में गर्मी का असर बरकरार है.
