लाइव सिटीज, पटना: पटना में रामनवमी को लेकर महावीर मंदिर की ओर किसी भी दिशा से गाड़ियों का परिचालन नहीं होगा. यह व्यवस्था 26 मार्च की रात आठ बजे से 27 मार्च की रात 11 बजे रात तक रहेगी. रामनवमी को लेकर 26 मार्च की रात से ही प्रसाद लेकर महावीर मंदिर में दर्शन के लिए लाइन लगनी शुरू हो जाती है.
इन श्रद्धालुओं को महावीर मंदिर में दर्शन के लिए वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी गेट (आर ब्लॉक के निकट) से एंट्री कर लाइन में लगते हुए वीर कुंवर सिंह पार्क, जीपीओ गोलंबर होते हुए महावीर मंदिर तक जाने की व्यवस्था की गई है. मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बाद इन्हें डाकबंगला और गोरिया टोली रोड की तरफ से निकालने की व्यवस्था है. इस दौरान आर ब्लॉक से जीपीओ और पटना जंक्शन की तरफ किसी भी गाड़ियों का परिचालन नहीं होगा
साथ ही महावीर मंदिर के पास और पटना जंक्शन गोलंबर के पूरब वीणा सिनेमा रोड तक सभी गाड़ियों की एंट्री बंद रहेगी. गोरियाटोली और करबिगहिया की तरफ से पटना जंक्शन को आने वाले वाहन जमाल रोड दक्षिण से यू टर्न लेकर वापस कर दिये जायेंगे. इसके अलावा डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन के बीच गाड़ियों के परिचालन पर रोक रहेगी.
डाकबंगला होकर पटना जंक्शन आने वाली गाड़ियां वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एग्जीबिशन रोड से गोरिया टोली तक जा सकेंगे और जमाल रोड दक्षिण से यू टर्न लेकर वापस हो जायेंगे. मेट्रो के निर्माण कार्य को देखते हुए जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा होते हुए जाने वाले जुलूस स्वामीनंदन तिराहा-एसपी वर्मा रोड, न्यू डाकबंगला रोड होते हुए डाकबंगला चौराहा तक जाने की व्यवस्था की गई है.
पटना जंक्शन जाने वाले यात्रियों से ट्रैफिक पुलिस ने अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक करबिगहिया एंट्री का उपयोग करें. रेल यात्री कोतवाली थाना से बुद्ध मार्ग से जीपीओ आरओबी का प्रयोग कर करबिगहिया की ओर जा सकते हैं, क्योंकि बुद्धमार्ग में जीपीओ फ्लाईओवर के नीचे गाड़ियों का परिचालन नहीं होगा. वीरचंद पटेल पथ से अदालतगंज रोड होते हुए कोई भी गाड़ी बुद्ध मार्ग की ओर नहीं आएगी.
