लाइव सिटीज, पटना: मोकामा विधायक अनंत सिंह और जेडीयू के विधान पार्षद एवं पटना स्नातक सीट से पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच चल रही बयानबाजी लगातार सुर्खियों में है। अनंत सिंह की चुनौती पर अब नीरज कुमार ने ऐसा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने सीधे नाम लेकर हमला करने के बजाय नीतीश कुमार के नेतृत्व को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया है।
नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी बड़ी होती है और गठबंधन उससे भी बड़ा होता है। इसके साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार को बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा पावर सेंटर बताते हुए कहा कि उनके साथ समाज के सभी वर्गों के लोग हैं और इससे बड़ी राजनीतिक पूंजी कुछ नहीं हो सकती।
नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार उनके लिए सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि राजनीतिक मापदंड हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बारे में इस तरह की बात करना या उनसे यह अपेक्षा करना कि वह किसी व्यक्ति को मानें या न मानें, अपने आप में राजनीतिक अपराध है। उनका कहना था कि नीतीश कुमार का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
नीरज कुमार ने अनंत सिंह के बयान पर पलटवार किया। जब उनसे यह सवाल किया गया कि अनंत सिंह कह रहे हैं कि अगर नीतीश कुमार उन्हें मानते तो वह उनकी बात मान लेते, तो नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार को लेकर इस तरह की बात करना उचित नहीं है। उन्होंने साफ किया कि नीतीश कुमार का आशीर्वाद, उनका कार्ड और उनकी राजनीतिक धारा ही उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है।
नीरज कुमार ने कहा कि जिस पार्टी में वह हैं, वह जनता दल यूनाइटेड है और पार्टी उनके लिए सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि पार्टी मां होती है। ऐसे में पार्टी के भीतर किसी व्यक्ति विशेष के साथ टकराव को वह व्यक्तिगत लड़ाई का रूप नहीं देना चाहते। उनका पूरा जोर पार्टी, गठबंधन और नीतीश कुमार के नेतृत्व पर रहा।
