HomeBiharपटना में 15 अगस्त से शुरू होगी मेट्रो सेवा, जानें किन-किन स्टेशनों...

पटना में 15 अगस्त से शुरू होगी मेट्रो सेवा, जानें किन-किन स्टेशनों पर रूकेगी? 

लाइव सिटीज, पटना: राजधानी पटना में मेट्रो का सपना अब साकार होने वाला है. 15 अगस्त से पटना मेट्रो का पहला चरण शुरू होगा. जिसमें न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से मलाही पकड़ी स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन चलेगी. मलाही पकड़ी स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और स्टेशन पर लिफ्ट और एक्सीलरेटर लगाने का काम चल रहा है. नगर विकास एवं आवास मंत्री जिवेश कुमार ने हाल ही में इस परियोजना की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर दिया है.

पटना मेट्रो का पहला चरण न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से मलाही पकड़ी तक 6.107 किलोमीटर लंबे प्राथमिक कॉरिडोर पर चलेगा. इस मार्ग पर पांच स्टेशन होंगे. हालांकि इसके अंतर्गत आने वाले खेमनीचक स्टेशन पर अभी ट्रेन नहीं रुकेगी, क्योंकि यहां अभी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है. य इंटरचेंज स्टेशन है, जहां ब्लू लाइन और रेड लाइन मेट्रो मिलेगी. मेट्रो की औसत गति 80 किमी/घंटा रखी गई है. अभी ब्लू लाइन फेज 2 का उद्घाटन होगा, जिसे प्रायोरिटी कॉरिडोर नाम दिया गया है.

मलाही पकड़ी स्टेशन, पटना मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर का प्रमुख स्टेशन है, जो हनुमान नगर रोड और पाटलिपुत्र स्टेडियम रोड के कोने पर स्थित है. यह एलिवेटेड स्टेशन है और दो मंजिला है. जिसमें यात्रियों की सुविधा के लिए चार प्रवेश-निकास द्वार, चार लिफ्ट और चार एक्सीलरेटर लगाए जा रहे हैं. दो प्रवेश और निकास द्वार स्टेशन के पूर्वी छोर और दो प्रवेश और निकास द्वार स्टेशन के पश्चिमी छोर पर है. स्टेशन पर कंक्रीट सीढ़ियों और रैंप का निर्माण भी किया गया है, ताकि बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को कोई दिक्कत न हो. स्टेशन की व्हाइट पुट्टी से रंगाई हो चुकी है.

मलाही पकड़ी स्टेशन पर यात्री ग्राउंड फ्लोर से प्रवेश करेंगे, फिर पहली मंजिल पर टिकट काउंटर तक पहुंचेंगे और दूसरी मंजिल पर प्लेटफॉर्म से ट्रेन में सवार होंगे. स्टेशन पर वाहन पार्किंग और दुकानों की व्यवस्था की गई है, जिससे मेट्रो प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया जा सकेगा. इस कॉरिडोर के शुरू होने से मलाही पकड़ी इलाके के करीब एक लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि उन्हें बस स्टैंड जाने के लिए पटना बाईपास जैसे व्यस्त सड़कों को पार करने की आवश्यकता नहीं होगी. मलाही पकड़ी से खेमनीचक स्टेशन की दूरी 1516.84 मीटर है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home