लाइव सिटीज, पटना: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है. राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि कुछ जिलों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और बादलों की आवाजाही का सिलसिला जारी है. बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को उमस से भी राहत मिली है.
इसी बीच मौसम विभाग ने आज बिहार के 11 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.इन इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रह सकतीं हैं. बिगड़े मौसम के दौरान लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है. खासकर किसानों को खराब मौसम में खेतों में काम नहीं करने की सलाह दी गई है.
मौसम पूर्वानुमान की माने तो, बिहार के जिलों में 20 और 21 अगस्त को भी कुछ इसी तरह का मौसम बना रहेगा. 20 अगस्त की बात करें तो, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिले में ऑरेंज अलर्ट है.
जबकि 21 अगस्त को मौसम विभाग ने कुछ जिलों जैसे कि खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई को छोड़कर बाकी के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दिन पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, अररिया और किशनगंज में भयंकर बारिश की चेतावनी है. साथ ही तेज हवा और बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है.
