लाइव सिटीज, पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव ने अपने बेटे और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की जमकर तारीफ की। लालू ने कहा कि तेजस्वी ने बहुत मेहनत की है और उन्हें पूरी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। राजद के स्थापना दिवस पर मीडिया से बात करते हुए लालू ने आभार व्यक्त किया और आगामी चुनावों से पहले पार्टी को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
आरजेडी चीफ लालू यादव ने कहा कि मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं। हम अपनी पार्टी को कमजोर नहीं होने देंगे। तेजस्वी यादव दिन-रात अथक परिश्रम कर रहे हैं, लोगों को एकजुट कर रहे हैं और हर जगह जा रहे हैं। चुनाव नजदीक आने के साथ हमें तेजस्वी को पूरी ताकत के साथ जिम्मेदारी देनी चाहिए।
लालू यादव ने पार्टी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के लि अपनी पत्नी राबड़ी देवी की भूमिका को भी स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने हम पर विश्वास दिखाया है और हम आपको निराश नहीं करेंगे। मैं राबड़ी देवी को मेरा,हमारे परिवार और पार्टी का ख्याल रखने के लिए धन्यवाद देता हूं। राबड़ी देवी दिन-रात पार्टी का ख्याल रखती हैं और अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखती हैं।
आगामी चुनावों के लिए उम्मीदवार चयन पर लालू यादव ने कहा कि प्रत्याशियों को तय करने के लिए एक सर्वे किया जाएगा। विधायक उम्मीदवार आपके बीच से चुने जाएंगे, और हम इस पर चर्चा करेंगे। हम आपके भरोसे का झंडा गिरने नहीं देंगे।