HomeBiharपटना में मुर्गा काटने वाले चाकू से प्रेमिका का गला रेता, गंभीर...

पटना में मुर्गा काटने वाले चाकू से प्रेमिका का गला रेता, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

लाइव सिटीज, पटना: राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरथौल लाल पथ पर लव अफेयर के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शादीशुदा गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे सिरफिरे बॉयफ्रेंड ने सरेराह बहस के बाद पास की एक दुकान से चाकू उठाकर प्रेमिका का गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जहानाबाद के घोसी नवादा निवासी इंदु कुमारी की शादी सियाराम सिंह से हुई थी। पटना के न्यू इतवारपुर में किराए पर रहने के दौरान इंदु की पहचान स्थानीय संपन्न परिवार के युवक राज कुमार यादव से हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। पति को शक होने पर उन्होंने ठिकाना बदलकर गांधी मैदान क्षेत्र में रहना शुरू कर दिया, लेकिन दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। सोमवार को गांधी मैदान में प्रदर्शन के कारण राज कुमार नहीं पहुंच सका, तो इंदु उससे मिलने खुद कुरथौल आ गई।

कुरथौल में मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आपा खो चुके राज कुमार ने पास स्थित मुर्गा दुकान से कटारनुमा धारदार चाकू उठाया और सरेआम इंदु के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गले पर गहरा घाव लगते ही इंदु खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ी और तड़पने लगी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जिसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग निकला।

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए लहूलुहान युवती को 70 फीट बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की विशेष टीम युवती की जान बचाने में जुटी हुई है, हालांकि उसकी हालत बेहद नाजुक और चिंताजनक बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments