लाइव सिटीज, मोतिहारी: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनकट में गुरुवार को एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बस में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची।
बस में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को सकुशल बचा लिया है। किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
