लाइव सिटीज, दरभंगा: जिले के पतोर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपट्टी गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. एक सनकी पति संदीप दास ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया. इस हमले में पत्नी समेत तीन बच्चों की मौके पर मौत हो गई.
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिले के कुंडी थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय फूल कुमारी दास, उनके 7 वर्षीय पुत्र हृदय दास, 6 वर्षीय पुत्री संध्या दास और 5 वर्षीय पुत्र सोन दास के रूप में हुई है. सोन दास को गंभीर हालत में दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पूरा परिवार चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी कर रहा था.
पति-पत्नी के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते संदीप दास का गुस्सा भड़क उठा और उसने अचानक पत्नी व बच्चों पर जानलेवा हमला बोल दिया. आरोपी ने डंडे और लोहे की रॉड का इस्तेमाल कर पूरे परिवार को निशाना बनाया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई.
हमले के बाद संदीप दास ने खुद को भी घायल कर लिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है. FSL की टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
