लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम का मिजाज करवट लेने वाला है. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जतायी है. विशेष रूप से उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है.
राज्य के पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया के इलाकों में स्थिति गंभीर हो सकती है. तेज रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात, ओलावृष्टि के साथ बारिश की प्रबल संभावना है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
अरवल, औरंगाबाद, बेगूसराय, भोजपुर, जहानाबाद, लखीसराय, पटना, रोहतास, समस्तीपुर, सारण, सीवान, इन जिलों के कुछ हिस्सों में अगले तीन घंटों में मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग ने इस दौरान तीन प्रमुख खतरों को लेकर चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावे वज्रपात, मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने की आशंका है. इससे जान-माल के लिए खतरा हो सकता है. ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.
राजधानी पटना समेत गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे मध्य एवं दक्षिण बिहार के जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी है. यहां भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
