लाइव सिटीज, छपरा: सारण जिले के महाराजगंज से जुड़े राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व बाहुबली सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे सुधीर सिंह को शनिवार की देर शाम औद्योगिक थाना पुलिस ने शराब के नशे में गिरफ्तार कर लिया. इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है. पुलिस ने उन्हें उत्पाद अधिनियम के तहत हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुधीर सिंह कथित तौर पर नशे की हालत में थे. इसी दौरान उन्होंने पुलिस के सामने अपनी धौंस जमाने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी भी की, जिसके बाद औद्योगिक थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद सुधीर सिंह को औद्योगिक थाने लाया गया, जहां उनकी मेडिकल जांच कराई जा रही है. इसके साथ ही उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
औद्योगिक थाना प्रभारी ने बताया कि सुधीर सिंह को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
