लाइव सिटीज, गया: गया जिले में बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी पर कथित हमले का मामला अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। घटना के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी लगातार मोहनपुर थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे मामले को और गरमा दिया है।
वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए केंद्रीय मंत्री और पुलिस प्रशासन को चुनौती देता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गया पुलिस हरकत में आ गई है और अज्ञात युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी पहचान में जुट गई है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में युवक आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए यह कहते सुनाई दे रहा है कि अभी तो समधन पर हमला हुआ है, अब तुम पर भी हमला होगा।’ वीडियो में युवक ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की है। इतना ही नहीं, युवक ने मोहनपुर थाना में तैनात यादव समुदाय के पुलिस पदाधिकारियों का पक्ष लेते हुए चेतावनी दी कि यदि किसी यादव दरोगा पर कार्रवाई हुई, तो पूरा यादव समाज उनके समर्थन में खड़ा होगा।
पुलिस ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच शुरू कर दी है। पुलिस तकनीकी और स्थानीय स्तर पर युवक की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
