लाइव सिटीज, किशनगंज: किशनगंज में करीब 11 बजकर 6 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। करीब 10 सेकेंड तक धरती हिली। धरती हिलते ही लोगों को अहसास हो गया कि भूकंप आया है। कई इलाकों में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की वजह से जिले में कहीं भी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
अमेरिका भूगर्भीय सर्वेक्षण’ के अनुसार, भूकंप भूटान के पुनाखा के पास रात 11:06 बजे आया था। 5.6 तीव्रता के भूकंप के झटके सिक्किम और उत्तरी बंगाल के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए और इन राज्यों में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है।
गंगटोक और सिक्किम के अन्य हिस्सों के निवासियों ने बताया कि उन्होंने कुछ सेकंड तक झटके महसूस किए, जिसके कारण कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
