लाइव सिटीज, पटना: बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री वैशाली के सोनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया और वहां चल रही राहत एवं बचाव व्यवस्था की जानकारी ली।
राहत शिविर का जायजा लेने के दौरान मुख्यमंत्री सामुदायिक रसोई में भी पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों से भोजन की व्यवस्था और बाढ़ पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथों से लोगों को खाना परोसा। इस दौरान उनका यह सहज और मानवीय अंदाज राहत शिविर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने केवल भोजन परोसने तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ बैठकर भोजन भी किया। मुख्यमंत्री के इस कदम को लोगों से सीधे जुड़ने और उनकी परेशानियों को करीब से समझने की कोशिश के तौर पर देखा गया।
बिहार में लगातार बढ़ रहे बाढ़ के पानी के बीच सरकार की ओर से प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर और सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं। इन केंद्रों के जरिए प्रभावित परिवारों को भोजन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। राज्य में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं।
मुख्यमंत्री ने राहत व्यवस्था की निगरानी के साथ अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता समय पर पहुंचाने पर जोर दिया है। सरकार का कहना है कि तत्काल राहत और बचाव के साथ-साथ बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
सोनपुर के राहत शिविर में मुख्यमंत्री का पीड़ितों के बीच बैठना और अपने हाथों से भोजन परोसना लोगों के बीच खास चर्चा का विषय बना। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याएं भी जानीं और राहत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।
