लाइव सिटीज, पटना: अंतर्राष्ट्रीय राजनीति विज्ञान संघ (International Political Science Association—IPSA) द्वारा जुलाई 2027 में इटली की राजधानी रोम में आयोजित होने वाले 29वें World Congress of Political Science में बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. अशोक चौधरी को “Electoral Democracy in a Changing Global System: An Indian Perspective” विषय पर आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण पैनल का चेयरपर्सन बनाया गया है। विश्व के प्रतिष्ठित राजनीतिक वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की भागीदारी वाले इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत के लोकतांत्रिक एवं निर्वाचन तंत्र के दृष्टिकोण को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर डॉ. चौधरी को प्राप्त होगा।
यह उपलब्धि न केवल डॉ. अशोक चौधरी के लिए, बल्कि बिहार के लिए भी गौरव का विषय है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मंच पर बिहार से जुड़े एक जनप्रतिनिधि एवं मंत्री को पैनल चेयरपर्सन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना राज्य की बौद्धिक एवं राजनीतिक प्रतिष्ठा को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर ए.एन. कॉलेज, पटना के राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार झा एवं मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के राजनीति शास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. अंजनी घोष ने डॉ. अशोक चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि IPSA के विश्व कांग्रेस में इतनी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए डॉ. चौधरी का चयन बिहार के लिए गर्व की बात है और इससे राज्य की शैक्षणिक, राजनीतिक एवं लोकतांत्रिक विमर्श की पहचान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिलेगी।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. अशोक चौधरी इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारतीय लोकतंत्र की मजबूती, निर्वाचन प्रक्रिया और बदलती वैश्विक राजनीतिक व्यवस्था में भारत की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।
