लाइव सिटीज, पटना: राजधानी पटना में एक बार फिर छात्रा के साथ सरेराह बदसलूकी का मामला सामने आया है। पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र में कोचिंग से घर लौट रही 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ दो युवकों ने कथित तौर पर छेड़खानी की। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े तो दोनों आरोपी वहां से भाग निकले। पूरी घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मेहंदीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा गुरहट्टा स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में पढ़ती है। वह रोज की तरह सोमवार शाम अपनी दो सहेलियों के साथ पैदल कोचिंग से घर लौट रही थी। करीब पौने आठ बजे तीनों छात्राएं जब खाजेकलां थाना क्षेत्र के बरकत खां का अखाड़ा के पास पहुंचीं, तभी वहां पहले से मौजूद दो युवकों ने छात्रा के साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट
पीड़िता के अनुसार, उसने युवकों की हरकत का विरोध किया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ मारपीट की। छात्रा और उसकी सहेलियों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर आने लगे। लोगों को अपनी तरफ आते देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद छात्रा ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद मंगलवार को खाजेकलां थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
CCTV फुटेज में दोनों युवकों की तस्वीर कैद
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से अहम सुराग मिले। फुटेज में दोनों संदिग्ध युवकों की तस्वीर कैद हुई है। एएसपी राजकिशोर सिंह के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पीड़िता और उसकी सहेलियों ने भी फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान की पुष्टि की है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। खासकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि कोचिंग से लौटते समय छात्रा के साथ सड़क पर यह घटना हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
