लाइव सिटीज, वैशाली: वैशाली जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में छुट्टी पर घर आए एक आर्मी जवान और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. डबल मर्डर की इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
मृतक जवान की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है. वह भारतीय सेना में तैनात था और फिलहाल दिल्ली में पोस्टेड था. कुछ दिन पहले एक रिश्तेदार की करंट लगने से मौत के बाद वह छुट्टी लेकर गांव आया था. इसी दौरान गांव में रास्ते और जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद फिर से उभर आया.
परिवार के मुताबिक शनिवार शाम आरोपी जगदीश राय और जितेंद्र कुमार के बीच रास्ते को लेकर कहासुनी हुई थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था. लेकिन रविवार सुबह आरोपी ने फिर हमला कर दिया.
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारीक राय पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगने से मुनारीक राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी भी जान नहीं बचाई जा सकी.
