लाइव सिटीज, पटना: कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुए दर्दनाक हादसे के बाद बिहार में भी पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है. पंडालों में भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी बढ़ा दी है. खासकर भीड़भाड़ वाले पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है.
कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल घूमने गए बिहार के एक परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हुआ. परिवार के सदस्य के मुताबिक, छह लोग हंसी-खुशी घर से निकले थे और ब्लॉग बनाते हुए कोलकाता पहुंचे थे. उन्हें अंदाजा नहीं था कि पूजा घूमने के दौरान ऐसी दुखद घटना हो जाएगी.
परिवार के सदस्य ने बताया कि पूजा पंडाल के पास पानी जमा था. इसी दौरान पानी में करंट फैलने की बात सामने आई. करंट का झटका लगते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इस हादसे में परिवार की एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के दूसरे सदस्यों और बच्चों की स्थिति भी बिगड़ गई.
बंगाल में हुए हादसे के बाद बिहार में पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. पंडालों में भीड़ की स्थिति, लोगों के आने-जाने के रास्ते और बिजली से जुड़े इंतजामों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.
