लाइव सिटीज, पटना: बिहार के अलग-अलग जिलों में बारिश का दौर जारी है। शनिवार देर रात पटना शहर में झमाझम बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दिन में भी पटना सहित सीवान, औरंगाबाद, मधेपुरा, सारण, बक्सर, कटिहार, बक्सर, आरा, सारण और अन्य जिलों में बादल घनीभूत हुए और जमकर बारिश हुई।
साथ ही शनिवार की दोपहर पटना में एयरपोर्ट और दानापुर के इलाके में भारी बारिश हुई। सुबह साढ़े आठ बजे से ढाई बजे के बाद 66.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार को अररिया, कटिहार, किशनगंज, पश्चिम चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि 21 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात के आसार हैं।
वहीं, बिहार के गया, जहानाबाद, पटना, बक्सर, रोहतास, सिवान, कैमूर, मधेपुरा, पूर्णिया, भागलपुर, समस्तीपुर दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, बांका, मुंगेर और बेगूसराय में भी बारिश का अनुमान है। वहीं इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
बता दें कि गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी और बाढ़ के मद्देनजर 12 जिलों-पटना, बक्सर, भोजपुर, सारण, वैशाली, बेगूसराय, मुंगेर, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार में हालत खराब है। बाढ़ की वजह से कई लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पटना से सटे दानापुर, मनेर और बख्तियारपुर समेत कई अन्य जगहों पर पुनपुन नदी ने कहर बरपा रखा है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सरकार ने अलर्ट रहने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है।
