HomeBiharपटना के बापू परीक्षा सेंटर पर हुआ 70वीं BPSC का एग्जाम रद्द,...

पटना के बापू परीक्षा सेंटर पर हुआ 70वीं BPSC का एग्जाम रद्द, आयोग का बड़ा फैसला

लाइव सिटीज, पटना: बीपीएससी 70वीं सिविल सेवा प्रीलिम्स परीक्षा में पेपर लीक मामले में बिहार लोक सेवा आयोग का बड़ा फैसला आया है. पटना के जिस सेंटर पर पेपर लीक की अफवाह उड़ी थी और उसके बाद छात्रों ने जमकर बवाल किया था, वहां की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. बीपीएससी अध्यक्ष ने खुद इसकी जानकारी दी है.

दरअसल, बीते 13 दिसंबर को बिहार के सैकड़ों परीक्षा केंद्रों पर बीपीएससी 70वीं परीक्षा का आयोजन किया गया था, जिसमें पटना का बापू परीक्षा केंद्र भी शामिल है. यहीं से पेपर लीक की अफवाह उड़ी थी, जिसके बाद से लगातार इसपर मंथन हो रहा था कि बीपीएससी परीक्षा को रद्द किया जाएगा या नहीं.

हालांकि बापू परीक्षा केंद्र के अलावा राज्य के और किसी भी सेंटर की परीक्षा को रद्द नहीं किया गया है. बताया जा रहा है कि इस परीक्षा केंद्र पर जितने भी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, उनकी फिर से परीक्षा ली जाएगी. हालांकि इसकी तारीख अभी तय नहीं की गई है कि कब परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, लेकिन कहा जा रहा है कि इसकी डेट जल्द ही बीपीएससी जारी करेगा.

बीपीएससी के चेयरमैन परमार रवि मनुभाई ने इस पेपर लीक मामले को बिल्कुल निराधार बताया था. उन्होंने साफ कहा था कि किसी भी सेंटर पर पेपर लीक की घटना नहीं हुई है, लेकिन कैंडिडेट्स की बातों को ध्यान में रखते हुए बिहार लोक सेवा आयोग इस मामले की जांच करेगा.

इस मामले में पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बताया था कि बापू परीक्षा केंद्र के एक हॉल में 273 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वहां सिर्फ 192 प्रश्न पत्र ही लाए गए थे. फिर बाद में दूसरे हॉल से और प्रश्न पत्रों को मंगवाया गया और वो सभी प्रश्न पत्र सील्ड पैक थे, लेकिन बाद में इसी को लेकर कुछ परीक्षार्थियों ने हंगामा कर दिया. उन्होंने भी ये साफ कहा था कि पेपर लीक नहीं हुआ है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home