लाइव सिटीज, पटना: जेडीयू की ओर से 24 नवंबर को बिहार के सभी जिलों में ‘सुशासन दिवस: नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी नीतीश कुमार के शासनकाल, विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है। इसी बीच पूर्व सांसद आनंद मोहन का बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
आनंद मोहन बोले- ‘नीतीश संवाद नहीं, बिहार में नीतीश सरकार की जरूरत थी’
सहरसा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्व सांसद आनंद मोहन ने जेडीयू के ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार में ‘नीतीश संवाद’ की जरूरत नहीं थी, बल्कि नीतीश सरकार की जरूरत थी। उनके इस बयान को बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और नीतीश कुमार के नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रशांत किशोर के बयान पर क्या बोले आनंद मोहन?
सहरसा में पत्रकारों ने आनंद मोहन से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के उस बयान को लेकर सवाल किया, जिसमें उन्होंने जेडीयू को बीजेपी के एजेंटों द्वारा चलाए जाने की बात कही थी। इस सवाल पर आनंद मोहन ने सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया और कहा कि इस बारे में प्रशांत किशोर से ही पूछना चाहिए।
हालांकि, इसी बातचीत के दौरान उन्होंने नीतीश कुमार को लेकर अपनी बात रखी। आनंद मोहन ने कहा कि बिहार में नीतीश संवाद से ज्यादा नीतीश सरकार की जरूरत थी। उन्होंने चुनाव के दौरान दिए गए नारे ‘25 से 30, फिर से नीतीश’ का भी जिक्र किया और सरकार को लेकर टिप्पणी की।
