लाइव सिटीज, गोपालगंज: गोपालगंज में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी. उसकी शादी महज चार महीने बाद होने वाली थी. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई. घटना जादोपुर थाना क्षेत्र के जगिरी टोला की है. मृतका की पहचान दूधनाथ सिंह की 21 साल की बेटी रम्मी कुमारी के रूप में की गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.
रम्मी कुमारी की शादी 14 मार्च को तय थी. परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे. इसी सिलसिले में सोमवार को रम्मी गांव के ही एक सिलाई सेंटर पर कपड़े सिलवाने जा रही थी. तभी रास्ते में राजा साह नाम के युवक ने उसे रोक लिया. आरोप है कि युवक ने रम्मी के सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही युवती की मौके पर मौत हो गई.
वारदात के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गया. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. परिवार भी आनन-फानन में रम्मी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही जादोपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में पुलिस को एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला होने का शक है.
