लाइव सिटीज, पटना: गृहरक्षकों के संघ ने सेवानिवृत्ति लाभ की गणना बहाली की तारीख से करने की मांग की है। संघ का कहना है कि सेवा अवधि की गणना नियुक्ति की तारीख से होनी चाहिए, न कि खाता खुलने की तारीख से। प्रदर्शन के दौरान, गृहरक्षकों ने पे-रोल और नकद भुगतान के तहत काम की गई अवधि को सेवा गणना में शामिल करने की भी मांग की।
गृह रक्षकों का कहना है कि 2016 में सुप्रीम कोर्ट ने समान काम के लिए समान वेतन देने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। विकास कुमार ने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो सरकारी हथियार और कारतूस जमा करने का फैसला भी लिया जा सकता है।
संघ ने यह भी बताया कि सितंबर 2019 से गृहरक्षकों के वेतन से ईपीएफ की कटौती की जा रही है, लेकिन कुछ जिलों में यह राशि संबंधित ईपीएफ कंपनी में जमा नहीं की गई है। इससे सेवानिवृत्त गृहरक्षकों और मृत गृहरक्षकों के आश्रितों को पेंशन और बीमा लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है।
संघ ने 12 प्रतिशत और 13 प्रतिशत राशि के भुगतान में आ रही अड़चनों को दूर करने और बकाया राशि को जमा कराने के लिए स्पष्ट आदेश जारी करने की भी मांग की है। गृहरक्षकों के इस आंदोलन से संबंधित मुद्दों पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया है।
