लाइव सिटीज, पटना: दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले हादसों और संभावित भीड़ को देखते हुए बिहार के स्वास्थ्य ने पटना में बड़ी तैयारी की है। पटना स्वास्थ्य विभाग ने पटना के बड़े सरकारी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है, ताकि कोई इमरेंजसी हो तो उससे निपटा जा सके हैं। त्योहार को ध्यान में रखते हुए 7 और 8 नवंबर को पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एनएमसीएच और पटना एम्स में स्पेशल इमरजेंसी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा न्यू गार्डिनर रोड और गर्दनीबाग अस्पताल को भी अलर्ट पर रखा गया है।
अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई गई है। ऑन-कॉल डॉक्टर भी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। चार प्रमुख अस्पतालों में कुल 85 बेड और 38 वेंटिलेटर सुरक्षित रखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए अलग से एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। इस संबंध में जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि दिवाली के दौरान किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से तुरंत निपटा जा सके।
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में दिवाली को लेकर विशेष तैयारी की गई है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 18 से अधिक वेंटिलेटर पूरी तरह चालू हालत में तैयार रखे गए हैं। इमरजेंसी में डॉक्टरों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही सभी जरूरी जीवनरक्षक दवाओं और सर्जिकल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है, ताकि पटाखों से जलने या किसी अन्य हादसे में घायल मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके।
