लाइव सिटीज, बक्सर: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ बक्सर पहुंचे. उनके आगमन को लेकर दलसागर टोल प्लाजा के समीप समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला. जैसे ही विधायक का काफिला दलसागर टोल प्लाजा पहुंचा, समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया. इस दौरान उनके अभिनंदन के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही.
अनंत सिंह पटना से प्रयागराज के लिए रवाना हुए हैं. उनकी इस यात्रा को लेकर रास्ते में कुल 58 स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की गई हैं. इसी क्रम में बक्सर के दलसागर टोल प्लाजा को भी स्वागत स्थल के रूप में चुना गया था. निर्धारित कार्यक्रम के तहत समर्थकों ने यहां जुटकर अपने नेता का अभिनंदन किया. काफिले के पहुंचते ही स्वागत करने वालों में उत्साह बढ़ गया और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया.
मोकामा विधायक के काफिले के साथ वाहनों की लंबी कतार भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही. सड़क से गुजरते काफिले और स्वागत के लिए जुटे लोगों के कारण टोल प्लाजा के आसपास कुछ देर तक विशेष चहल-पहल का माहौल बना रहा. इस दौरान अनंत सिंह ने कहा कि बेटी की शादी में आने के लिए निमंत्रण देने के लिए निकला हूं. उन्होंने वहां मौजूद तमाम समर्थकों से भी कहा कि बेटी की शादी में आइये और उसे आशीर्वाद दीजिए.
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को है. पटना के लदमा स्थित उनके पैतृक गांव में शादी समारोह हो रहा है. करीब 10-15 बीघा जमीन पर भव्य तैयारियां चल रही हैं. कई बॉलीवुड और भोजपुरी सितारों को भी आमंत्रित किया गया है.
